रजौन में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन व भगवान चित्रगुप्त की पूजा

रजौन में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन व भगवान चित्रगुप्त की पूजा

रजौन, बांका : पृथ्वी वासियों को लेखनी प्रदान करने वाले भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना बुधवार को प्रखंड क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई। वहीं चित्रगुप्त पूजा के साथ-साथ भैया दूज व गोवर्धन पूजा को लेकर भी घरों में उत्सव का माहौल रहा। भगवान चित्रगुप्त की पूजा यहां कायस्थ परिवारों द्वारा श्रद्धा भक्ति के साथ की गई। कायस्थ परिवारों ने अपनी लेखनी को एक दिन के लिए विराम भी दिया। रजौन बाजार के मुंशी परमेश्वर लाल के वंशजों के घर भगवान चित्रगुप्त की विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना की गई। पंडित डब्लू मिश्र ने विधि-विधान पूर्वक भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कराई। रजौन बाजार वासी देवनंदन प्रसाद श्रीवास्तव, अनुज श्रीवास्तव, यजमान दीप शुभम ने बताया कि कायस्थ परिवार के लोग पूजा के साथ-साथ एक दिन के लिए अपनी लेखनी को विराम देते हैं। कायस्थ समाज के लोग सुख समृद्धि के साथ-साथ समाज के उन्नति के लिए भी भगवान चित्रगुप्त से कामना करते हैं। रजौन प्रखंड के बखड्डा, लहोरिया, नरीपा, रूपसा, सिंहनान आदि गांवों में भी कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की। इधर भैया दूज व गोवर्धन पूजा को लेकर भी हर घर में उत्सव का माहौल रहा। यहां तक कि चित्रगुप्त भगवान से खुश होकर रजौन बाजार निवासी देवनंदन श्रीवास्तव के पड़ोसी विनय यादव कई वर्षों से अपने दरवाजे पर भी भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना श्रद्धा व भक्ति भाव पूर्वक करते आ रहे हैं। विनय यादव ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त के आशीर्वाद के बदौलत ही घर में धन-धान्य, लक्ष्मी संपदा एवं घर-परिवार के कई सदस्यों का सरकारी नौकरी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, इसलिए चंद्रगुप्त भगवान को बड़ी श्रद्धा एवं आदर पूर्वक पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। वहीं दोनों स्थानों पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना एवं प्रसाद पाने के लिए काफी संख्या में लोग आए हुए थे।

Post a Comment

0 Comments