रजौन/बांका, :रजौन की नवपदस्थापित बीडीओ अंतिमा कुमारी ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर पहुंचकर अपने कार्यालय वेश्म में सीओ कुमारी सुषमा से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। बता दें कि रजौन की नवपदस्थापित बीडीओ अंतिमा कुमारी मूलतः पश्चिम चंपारण जिले की मूल निवासी है। 37वें बीडीओ के रूप में अपना पदभार ग्रहण करते ही वे रजौन की पहली महिला बीडीओ बन गई है। उनके आगमन पर प्रखंड प्रमुख रूबी कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, बीपीआरओ दीपशिखा ने सर्वप्रथम उन्हें बुके एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह, नव पदस्थापित प्रखंड नाजिर चेतन आनंद, नव पदस्थापित प्रखंड प्रधान सहायक संतोष कुमार, अंचल नाजीर ओमप्रकाश पासवान, पंचायत समिति सदस्य अशोक रजक, अरुण रजक, मोहम्मद सिराज अली, हेमंत कुमार झा, पंचायत सचिव बिंदेश्वरी दास सहित प्रखंड सह अंचल के सभी कर्मी आदि उपस्थित थे। पदभार ग्रहण करते ही नव पदस्थापित बीडीओ अंतिमा कुमारी को प्रमुख रूबी कुमारी, प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह, सीओ कुमारी सुषमा एवं बीपीआरओ दीपशिखा ने प्रखंड की भौगोलिक स्थितियों आदि की विस्तृत जानकारी देते हुए नवादा-खरौनी पंचायत अंतर्गत बाबरचक गांव में बन रहे बिहार के पहले स्मार्ट विलेज आदि की जानकारी देने के साथ-साथ प्रखंड के सभी 18 पंचायतों की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान रजौन थाना के थानाध्यक्ष रह चुके बलराम प्रसाद भगत के अनुज भूपेंद्र प्रसाद भी आए हुए थे। बता दें कि प्रमुख रूबी कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, बीपीआरओ दीपशिखा, सीडीपीओ फिरदौस शेख, एमओ मंजीत महेश्वरी और एलईओ (प्रखंड श्रम परिवर्तन पदाधिकारी) अनिता कुमारी के बाद अब बीडीओ के पद पर एक और महिला पदाधिकारी के आसीन हो जाने पर पूरा प्रखंड मुख्यालय महिला मय हो गया है, जिससे अब लोगों को रजौन में महिला सशक्तिकरण का जीता जागता प्रमाण देखने को मिलेगा। प्रमुख के अलावे सीओ, बीपीआरओ, सीडीपीओ, एमओ और एलईओ के बाद अब महिला बीडीओ मिलने पर खासतौर पर प्रखंड क्षेत्र की महिलाओं में काफी खुशी की लहर देखी जा रही है। इस बात की चर्चा यहां जोरों पर है कि अब रजौन प्रखंड मुख्यालय में अधिकांशतः महिला अधिकारी हो जाने की स्थिति में यहां विकास कार्य काफी तेजी से होंगे और इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी काफी बल मिलेगा।
रिपोर्ट:के आर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...