ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

रजौन/बांका :- भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर अवस्थित रजौन थाना क्षेत्र के आनंदपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप विगत बुधवार की रात्रि ट्रेन की चपेट में आने से एक किसान की मौत होने की खबर है। मृतक किसान की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के आनंदपुर ग्राम निवासी 55 वर्षीय कुलदीप यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना के सम्बंध में मृतक किसान के पुत्र संदीप यादव ने बताया कि उसके पिता बुधवार की देर शाम भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड के पश्चिम दिशा में अवस्थित अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कार्य को देखने गए हुए थे, देर रात घर वापसी के क्रम में वे गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे, इसी क्रम में भागलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन को देखकर वे तेजी से रेलवे लाइन पार करने की कोशिश करने लगे, लेकिन वे फिसलकर गिर गए, चोट लगने के कारण वे भागने में असफल रहे और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं इस घटना की जानकारी के बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इधर घटना की सूचना के बाद रजौन पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजने का प्रयास करने लगे, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक का अंतिम संस्कार गुरुवार को दोपहर बाद किया गया। वहीं घटना के बारे में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि आनंदपुर गांव के कुलदीप यादव की रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान ट्रेन से कटकर मौत हो गई है, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया, जिसके बाद परिजनों को मृतक का शव को सौंप दिया गया।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post