प्रोटोकॉल की अवहेलना पर घमासान, जदयू नेताओं ने जताई तीखी नाराज़गी



(आदित्य कुमार दुबे/चम्पारण नीति)
नरकटियागंज (बेतिया)। नरकटियागंज प्रखंड मुख्यालय में हाल ही में हुए प्रखंड विस्सुत्री कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में गहमागहमी तेज हो गई है। कार्यक्रम के आयोजन में प्रोटोकॉल की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के स्थानीय नेता और पूर्व प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार श्रीवास्तव ने प्रशासन पर सवालों की बौछार कर दी है।

श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा बिना स्थानीय विधायक एवं सांसद की उपस्थिति के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे, तब किस आधार पर यह उद्घाटन किया गया?

जदयू नेता ने इसे ‘लोकतांत्रिक मर्यादा की अवहेलना’ बताते हुए बीडीओ से जवाब मांगा है कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी थी कि जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में उद्घाटन करना पड़ा।

उन्होंने कहा – "ये सुशासन के राज्य में नहीं चलेगा। जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को नजरअंदाज कर कोई भी सरकारी कार्य या उद्घाटन स्वीकार्य नहीं है।"

इस मुद्दे को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द स्थिति स्पष्ट नहीं की गई तो वे आंदोलन की राह अपना सकते हैं।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post