तारापुर (मुंगेर) नगर पंचायत संग्रामपुर द्वारा जरूरतमंदों के लिए सराहनीय पहल की गई। नगर पंचायत संग्रामपुर के कार्यपालक पदाधिकारी रवि शंकर सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत के सौजन्य से सभी वार्डों में मुफ्त कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4 में वार्ड पार्षद कुमारी दीपिका के द्वारा अपने वार्ड के गरीब, विधवा, दिव्यांग एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुकेश कुमार, उपमुख्य पार्षद मनोज साह, समाजसेवी नंदकिशोर यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वितरण कार्यक्रम में लगभग 50 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभुकों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी।इस अवसर पर जानकारी देते हुए वार्ड पार्षद कुमारी दीपिका ने बताया कि नगर पंचायत संग्रामपुर के सौजन्य से ठंड से बचाव के उद्देश्य से गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो।
कंबल वितरण के दौरान दर्जनों लाभुकों ने कंबल प्राप्त कर नगर पंचायत और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया तथा उन्हें आशीर्वाद दिया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे गरीबों के लिए बड़ी राहत बताया।
