किसान रजिस्ट्री कैंप का आयोजन, किसानों को मिल रही डिजिटल सेवाओं की सीधी सुविधा




चनपटिया । किसानों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग, पश्चिमी चम्पारण द्वारा प्रखंड चनपटिया के दक्षिण घोघा
 पंचायत भवन में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप 8 जनवरी 2026 को आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फार्मर रजिस्ट्री भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके तहत किसानों का पंजीकरण मोबाइल और वेब पोर्टल के माध्यम से कर उन्हें डिजिटल कृषि पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ा जा रहा है। इस रजिस्ट्री के जरिए किसानों के राजस्व रिकॉर्ड का सत्यापन कर, उनके नाम से दर्ज सभी भूमि जोतों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराने से किसानों को फसल ऋण, फसल बीमा, अन्य क्रेडिट सुविधाओं के साथ-साथ उर्वरक सब्सिडी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। इसके अलावा किसानों को मौसम की जानकारी, बाजार एवं मंडी भाव की सूचना समय पर प्राप्त होगी, साथ ही कृषि विशेषज्ञों से फसल उत्पादन बढ़ाने संबंधी सलाह भी मिल सकेगी। पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी इसी रजिस्ट्री के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
बताया गया कि फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का कार्य 7 अप्रैल 2025 से शुरू किया गया है। इस कार्य में कृषि समन्वयक सुबोध कुमार सिंह,किसान सलाहकार विनोद कुमार मिश्रा और पंचायत कर्मी लगे हुए हैं। कृषि समन्वयक सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि सभी किसानों का केवाईसी सत्यापन भी किया जा रहा है। 
कैंप में पहुंचे किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई और मौके पर ही उनका पंजीकरण किया गया। कैंप स्थल पर कर्मचारी किसानों के रिकॉर्ड दर्ज करते नजर आए। किसानों में इस डिजिटल पहल को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post