बांका में एलपीजी वितरण व्यवस्था पर डीएम सख्त: सुबह 6 बजे से शुरू होगी डिलीवरी, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

बांका में एलपीजी वितरण व्यवस्था पर डीएम सख्त: सुबह 6 बजे से शुरू होगी डिलीवरी, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

​बांका : जिले में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार को बांका समाहरणालय स्थित मिनी सभागार परिसर में जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई, जहां डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं इस बैठक के बाद डीएम ने प्रेस ब्रीफिंग कर वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गैस वितरक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से वितरण कार्य प्रारंभ करेंगे और शत-प्रतिशत स्टॉक का समय पर वितरण करते हुए अधिकतम होम डिलीवरी सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने नई व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में घरेलू गैस बुकिंग की अवधि 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन निर्धारित की है। अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और मार्केटिंग ऑफिसर को क्षेत्र में सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, वहीं थानाध्यक्षों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर समस्याओं का तत्काल निष्पादन करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में वर्तमान में BPCL के 5, HPCL के 15 और IOCL के 16 वितरक कार्यरत हैं, जो कुल 4,19,563 उपभोक्ताओं को सेवा दे रहे हैं, जिनमें से 2,40,160 उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं। हालिया आंकड़ों के अनुसार पिछले दिन 3,125 उपभोक्ताओं द्वारा गैस की बुकिंग कराई गई, जबकि 5,011 उपभोक्ताओं को सफलता पूर्वक गैस की डिलीवरी की गई। जनता की शिकायतों के लिए समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष (06424-223001, 223002, 223004) स्थापित किया गया है। अंत में डीएम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक भंडारण न करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments