रजौन की बेटी पुष्पांजलि बनी बिहार टॉपर, 98.4% अंक लाकर लहराया सफलता का परचम

रजौन,बांका :- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणामों ने बांका जिले को एक बार फिर गौरवांवित कर दिया है, जहां रजौन प्रखंड अंतर्गत सिंहनान पंचायत के छोटे से गांव गोपालपुर की रहने वाली पुष्पांजलि कुमारी ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की छात्रा पुष्पांजलि ने 500 में से कुल 492 अंक (98.4%) हासिल कर राज्य में अपनी मेधा का लोहा मनवाया है और यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो और मेहनत सच्ची, तो साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि और सीमित संसाधन कभी प्रतिभा के आड़े नहीं आते। रजौन के मध्य विद्यालय भगवानपुर में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत पिता लालमोहन शर्मा और कुशल गृहिणी माता सिंधु देवी की सबसे छोटी पुत्री पुष्पांजलि के परिवार में शिक्षा का शुरू से ही गहरा प्रभाव रहा है, जहां उनकी बड़ी बहन आंचल जीएनएम हैं, मंझली बहन अनुप्रिया बीएससी नर्सिंग कर रही हैं और भाई मयंक इंजीनियरिंग की तैयारी में जुटे हैं। अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों की कड़ी मेहनत को देते हुए पुष्पांजलि ने बताया कि वह छठी कक्षा से ही सिमुलतला में रहकर पढ़ाई कर रही थी और उसकी सफलता के पीछे नियमित पढ़ाई के साथ विषयों को रटने के बजाय समझकर पढ़ने की तकनीक रही है। भविष्य में वैज्ञानिक बनकर राष्ट्र सेवा का सपना देखने वाली पुष्पांजलि की इस उपलब्धि ने वर्ष 2019 की उन यादों को ताजा कर दिया है, जब रजौन के ही सावन राज भारती सिमुलतला आवासीय विद्यालय से ही 97.2% अंक लाकर बिहार टॉपर बने थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि रजौन की माटी और सिमुलतला की शिक्षा का संगम लगातार प्रदेश को टॉपर दे रहा है। रविवार को परिणाम घोषित होते ही जैसे ही पुष्पांजलि के टॉपर बनने की खबर गांव पहुंची, गोपालपुर सहित पूरे बांका जिले में उत्सव का माहौल हो गया और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर व गुलाल उड़ाकर इस गौरवशाली क्षण का जश्न मनाया, जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बताया है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post