रजौन बांका :-रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन के सभागार परिसर में सोमवार को प्रमुख रूबी कुमारी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की एक महत्वपूर्ण सामान्य बैठक आहूत हुई। इस बैठक का संचालन बीडीओ अंतिमा कुमारी की अनुपस्थिति में आरओ सूरजेश्वर श्रीवास्तव एवं बीपीआरओ आकांक्षा प्रियदर्शी द्वारा किया गया। बैठक में उप प्रमुख गुड्डू राजा, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी तारकेश्वर रजक, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. गुलाबचंद, सीडीपीओ चंचला कुमारी, रजौन सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार, हेल्थ मैनेजर अल्पना, प्रभारी बीएओ संजय कुमार सिंह, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी पंकज कुमार, एमओ राजबाला सिंह, पीएचईडी जेई पवन कुमार, मनरेगा पीओ धर्मेंद्र कुमार, जीविका सीसी मिथुन कुमार, एमडीएम आरपी सतीश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक के दौरान चिलकावर-असौता पंचायत के पंसस निलेश प्रसाद, ओड़हारा पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह एवं हरचंडी-अमहारा पंचायत के मुखिया भैरो सिंह कुशवाहा सहित कई अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने सदन में मनरेगा व अन्य विभागों की योजनाओं का मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि जब तक योजनाओं का बोर्ड नहीं लगे, तब तक उनका भुगतान न किया जाए। वहीं पंसस माला देवी, निलेश प्रसाद, महेश प्रसाद यादव एवं मुखिया प्रवीण कुमार सिंह ने प्रखंड के बंद एवं खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का मुद्दा जोरशोर से उठाया। सकहारा पंचायत के दक्षिणी पंचायत समिति सदस्य पंकज कुमार सिंह एवं उत्तरी दिलीप कुमार दास ने वार्ड संख्या 13 मलही एवं वार्ड संख्या 14 विष्णुपुर गांव के जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र के स्थान पर नए केंद्र के सृजन के साथ-साथ विष्णुपुर के डाकघर टोले में वर्षों से खराब पड़े पुराने हैंडपंप को ठीक करने की मांग जोरदार तरीके से रखी। आपूर्ति विभाग के मुद्दे पर पंचायत समिति सदस्य निलेश प्रसाद, अनिल कुमार मंडल, मुखिया प्रवीण कुमार सिंह एवं भैरो सिंह कुशवाहा ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजबाला सिंह से मांग की कि जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं द्वारा राशन वितरण की सूचना मुखिया एवं पंचायत समिति को पूर्व में अवश्य दी जाए, जिस पर एमओ ने बताया कि अनाज का वितरण प्रत्येक माह की शुरुआत से अंत तक किया जाता है। बैठक में आयुष्मान भारत कार्ड के निर्माण में आशा कार्यकर्ताओं की उदासीनता का भी मामला उठा, जिस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार एवं हेल्थ मैनेजर अल्पना ने आश्वासन दिया कि इस महीने के बाद गांव-गांव में कैंप लगाकर कार्ड बनवाए जाएंगे। साथ ही डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में सोमवार से शनिवार तक 15 साल की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा की बीमारियों से बचाने के लिए एचपीवी नामक विशेष वैक्सीन लगाई जा रही है, जिसमें उन्होंने प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रतिनिधियों ने विगत शुक्रवार और शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से रबी फसल (गेहूं, चना, मकई, सरसों, मसूर) के भारी नुकसान पर क्षतिपूर्ति व मुआवजे के लिए सर्वे कराने की मांग उठाई, जिसे सदन ने ध्वनि मत से पारित किया। बीज वितरण में अनियमितता पर मुखिया प्रवीण कुमार सिंह, मनोज दास, भैरो सिंह कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य महेश यादव एवं अनिल कुमार मंडल ने सवाल उठाए, जिस पर प्रभारी कृषि पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सिस्टम के कारण 80% गैर-पात्र लोग लाभ उठा लेते हैं। सीडीपीओ चंचला कुमारी ने बताया कि प्रखंड में कुल 256 वार्ड हैं, जिसमें 19 वार्ड में नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति मिली है और टीएचआर का वितरण निर्धारित तिथियों पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रखंड मुख्यालय स्थित विभाग भवन के समीप रात के अंधेरे में वृक्षों की अवैध कटाई, रजौन बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने और वर्ष 2014 के अग्निकांड पीड़ित मीना देवी के आश्रित गगन कुमार को क्षतिपूर्ति मुआवजे जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई। इस बैठक में प्रखंड के सभी मुखिया व पंचायत समिति सदस्य आदि उपस्थित थे, जिनके द्वारा उठाए गए हर मुद्दे को प्रखंड नाजिर चेतन आनंद द्वारा सूचीबद्ध किया गया।
रिपोर्ट : कुमुद रंजन राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...