प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: जमीन के पैसों के विवाद में दी गई थी सुपारी, 24 घंटे में मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच गिरफ्तार

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: जमीन के पैसों के विवाद में दी गई थी सुपारी, 24 घंटे में मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच गिरफ्तार

​रजौन,बांका :- रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपसा-पत्तीचक गांव के बीच सड़क पर बीते मंगलवार (26 मई) की संध्या करीब छह बजे खैरा निवासी जमीन कारोबारी (प्रॉपर्टी डीलर) मिथिलेश कुमार उर्फ बीडीओ यादव की गोली मारकर की गई हत्या और उनके सहयोगी कुंदन चौधरी को घायल किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम (एसआईटी) ने पारंपरिक एवं तकनीकी पद्धति से त्वरित अनुसंधान करते हुए इस कांड में संलिप्त कुल पांच शातिर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में बौंसी थाना क्षेत्र निवासी प्रशांत कुमार (20 वर्ष), रजौन थाना क्षेत्र के कटियामा निवासी अरविंद कुमार पोद्दार, खैरा निवासी मिथिलेश कुमार मंडल (38 वर्ष), खैरा निवासी सुमन कुमार (45 वर्ष) और धोबीडीह निवासी नागेंद्र यादव (45 वर्ष) शामिल हैं। बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने गुरुवार की संध्या पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह पूरी घटना जमीन बेचने को लेकर आए पैसों और उससे उपजे पुराने विवाद के कारण अंजाम दी गई थी। इस प्रॉपर्टी डीलिंग के विवाद को लेकर तीन लोगों द्वारा मुख्य रूप से साजिश रचा गया था, जिन्होंने अन्य अपराधकर्मियों को सुपारी देकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिलवाया। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक मिथिलेश यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उनके विरुद्ध अब तक जुटाए गए आंकड़ों के अनुसार चार मामले दर्ज हैं, जबकि गिरफ्तार किए गए कुछ अभियुक्तों का भी पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इस हत्याकांड के उद्भेदन और त्वरित कार्रवाई के लिए गठित छापेमारी टीम में पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ कई जांबाज पुलिस कर्मियों ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। इस सफल कार्रवाई में रजौन अंचल पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, रजौन थानाध्यक्ष राज रतन, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार, नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, डीआईयू प्रभारी मनीष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक किरण सोनी, विनोद कुमार, शुभम कुमार, मुकेश कुमार, सुशील राज सहित अन्य पुलिस कर्मी मुख्य रूप से शामिल थे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की। इस मामले में मृतक की पत्नी नूतन देवी (30 वर्ष) द्वारा दिए गए फर्दबयान के आधार पर रजौन थाना में धारा-103(1)/61(2) बीएनएस एवं 27 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वारदात के बाद से ही एसपी खुद फ्रंट फुट पर रहकर कमान संभाल रहे थे और वे लगातार दूसरे दिन रजौन थाना पहुंचकर कैंप कर रहे थे, जिससे पुलिसिया कार्रवाई में काफी तेजी आई। वहीं, इस घटना में बाल-बाल बचे और वर्तमान में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाजरत सहयोगी कुंदन चौधरी का भी फर्दबयान मंगाया गया, जिसने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में बेहद अहम कड़ी का काम किया। फिलहाल, पुलिस ने इस कांड में संलिप्त पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट :-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments