"सहारा वृद्धाश्रम" में पेपर क्राफ्ट प्रशिक्षण आयोजित:

"सहारा वृद्धाश्रम" में पेपर क्राफ्ट प्रशिक्षण आयोजित:

चम्पारण नीति / बेतिया /पश्चिमी चम्पारण (अशोक शास्त्री)
वृद्धाश्रम “सहारा” पश्चिम चम्पारण में स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम के तहत पेपर क्राफ्ट प्रशिक्षण आयोजित.

समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित बेतिया बड़ा रमना स्थित वृद्धाश्रम “सहारा” पश्चिम चम्पारण में स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेपर क्राफ्ट प्रशिक्षण  कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था.

आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के प्रशिक्षकों द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत गार्जियन स्वरूप वरिष्ठ नागरिकों को पेपर आर्ट के अंतर्गत पेपर बैग एवं ठोंगा बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान वृद्धजनों ने अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस कौशल को सीखकर प्रसन्नता व्यक्त की.

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ न केवल वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि उन्हें समाज से जुड़ाव एवं आत्मविश्वास का अनुभव भी कराती हैं.

मौके पर वृद्धाश्रम “सहारा” के अधीक्षक आदित्य मधुकर, आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रभात झा, लक्ष्य ह्यूमन डेवलपमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष कुंदन शांडिल्य सहित मास्टर ट्रेनर संतोष आनंद, अंबुज अनुपम एवं अंशुमान उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई.

Post a Comment

0 Comments