रजौन में भूकंपरोधी भवन निर्माण ट्रेनिंग पूरी, 25 सफल राजमिस्त्रियों को मिला प्रमाणपत्र

​रजौन, बांका  ,:- जिले के रजौन प्रखंड में राजमिस्त्रियों की कार्यकुशलता बढ़ाने और सुरक्षित निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 10 दिवसीय भूकंपरोधी भवन निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हो गया है। 'भावसर फाउंडेशन' द्वारा आयोजित यह विशेष शिविर बीते 26 मई को शुरू होकर 4 जून तक चला था, जिसके बाद आज 07 जुलाई (मंगलवार) को सफल प्रतिभागियों के बीच प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। ​इस 10 दिवसीय आरपीएल (Recognition of Prior Learning) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के कुल 30 राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी मकान बनाने की सैद्धांतिक और व्यावहारिक बारीकियां सिखाई गईं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद 'कंस्ट्रक्शन स्किल डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया' (CSDCI) द्वारा सभी का मूल्यांकन (परीक्षा) किया गया, जिसमें से 25 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की। ​मंगलवार को रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यक्रम स्थल पर एक गरिमामयी प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में अंचल कार्यालय रजौन से अंचल नाजिर मनोज कुमार और अंचल प्रधान सहायक प्रफुल्ल कुमार सिंह ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर सभी उत्तीर्ण राजमिस्त्रियों को अपने हाथों से प्रमाणपत्र सौंपे। ​इस अवसर पर राजमिस्त्रियों का हौसला बढ़ाते हुए अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि इस ट्रेनिंग में सीखे गए हुनर और तकनीकों को वे अपने व्यावहारिक जीवन और निर्माण कार्यों में ईमानदारी से लागू करें, ताकि समाज को प्राकृतिक आपदाओं के खतरों से सुरक्षित रखा जा सके। इस समापन और वितरण समारोह के मौके पर भावसर फाउंडेशन के ट्रेनर राकेश मंडल और राजेश कुमार सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post