रजौन, बांका: रजौन प्रीमियर लीग के बैनर तले खैरा मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को चकझोरा और रजौन की टीमों के बीच खेला गया। मैच का उद्घाटन जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह ने फीता काटकर किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबले में चकझोरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवर में चकझोरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजौन की टीम 9 ओवर 2 गेंद में सभी विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी। इस तरह चकझोरा ने 74 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर रजौन प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम में निरंजन कुमार उर्फ पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में दिगंबर कुमार, शुभम कुमार एवं उत्सव कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्ट:- केआर राव