सांड के हमले में बुजुर्ग पशुपालक की मौत, पूर्व में भी एक दर्जन से अधिक लोगों को कर चुका है घायल

रजौन,​ बांका : रजौन थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में रविवार को एक हिंसक सांड के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग पशुपालक डमोली यादव की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक नवटोलिया निवासी स्वर्गीय अगहनी यादव के पुत्र थे। घटना के संबंध में बताया जाता है कि डमोली यादव रोजाना की तरह गांव के पास बहियार में अपनी गाय चराने गए थे, तभी अचानक एक आवारा सांड ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और पटक-पटक कर लहूलुहान कर दिया। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और सांड को खदेड़ा, तब तक वे गंभीर रूप से जख्मी हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजौन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया। हालांकि, बांका ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वहीं इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सांड क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ है और इससे पहले भी करीब एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उनके हाथ-पैर तोड़ चुका है। बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बाद भी प्रशासन द्वारा सांड को पकड़ने का कोई इंतजाम नहीं किया गया, जिससे आज यह बड़ी दुर्घटना हो गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और हिंसक सांड से जल्द निजात दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post