रजौन ,बांका :-धोरैया विधायक मनीष कुमार की क्षेत्र की जनता के प्रति तत्परता और गंभीर पहल का धरातल पर बड़ा असर देखने को मिला है। विधायक द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय पदाधिकारी को पत्र लिखे जाने के तुरंत बाद विभाग पूरी तरह रेस हो गया है। शुक्रवार से भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग (NH-133 E) का मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। विदित हो कि धोरैया विधायक मनीष कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-133 (E) के भागलपुर सेक्शन, विशेषकर रजौन मार्केट से पुनसिया बाजार के बीच की सड़क की अत्यंत जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता जताई थी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को पत्र लिखकर आगाह किया था कि यह जर्जर सड़क मार्ग पूरी तरह दुर्घटना-प्रवण बन चुका है और आगामी मानसून में स्थिति और भयावह हो सकती है। विधायक ने जनहानि से बचने के लिए इसी वर्ष मानसून से पूर्व प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की है। शुक्रवार की सुबह से ही निर्माण कर्मी और भारी मशीनें जर्जर सड़क को दुरुस्त करने में जुट गई हैं। हाईवे के सबसे खराब और गड्ढों वाले हिस्सों की युद्ध स्तर पर मरम्मत की जा रही है, ताकि मानसून आने से पहले इस महत्वपूर्ण मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके। गौर करने वाली बात यह है कि यह हाईवे न केवल भागलपुर और बांका क्षेत्र के लिए, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड के गोड्डा व दुमका जिले के यात्रियों के लिए भी बेहद खास और महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस अंतर्राज्यीय रूट से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन और मालवाहक गाड़ियां गुजरती हैं। लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे इस मार्ग के सुधरने से स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों ने बड़ी राहत की सांस ली है। विधायक मनीष कुमार के इस प्रयास और विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में भारी खुशी का माहौल है।
रिपोर्ट :- केआर राव