सीएम की पत्नी ने दो डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य का किया शुभारंभ

जितेंद्र पाठक:टेटिया बंबर:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी ममता कुमारी ने बुधवार को टेटिया बंबर प्रखंड का दौरा कर नवस्थापित दो डिग्री कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ममता कुमारी ने जगन्नाथ उच्च विद्यालय सह डिग्री कॉलेज, बरसंडा तथा रंगनाथ उच्च विद्यालय सह डिग्री कॉलेज, बनहरा में दीप प्रज्वलित कर और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर विधिवत पठन-पाठन की शुरुआत कराई। इससे दोनों कॉलेजों में नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गौराडीह से राज्य के कई दर्जन नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य का शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण दोनों कॉलेज परिसरों में एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया।
बरसंडा कॉलेज पहुंचने पर जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने ममता कुमारी का स्वागत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, डीईओ कुमार गौरव, एसडीएम राजीव रौशन, एसडीपीओ अनिल कुमार, बीडीओ निशा राय, अंचल अधिकारी अर्चना कुमारी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post