बेतिया। बानूछापर थाना क्षेत्र के देवनगर वार्ड संख्या-29 में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने वरिष्ठ पत्रकार सत्येन्द्र श्रीवास्तव के सूने मकान का ताला तोड़कर लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी एवं कीमती रेशमी साड़ियों की चोरी कर ली। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, श्री श्रीवास्तव शुक्रवार से अपने परिवार के साथ मझौलिया स्थित आवास पर गए हुए थे। रविवार की सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे तत्काल बेतिया स्थित अपने आवास पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट सहित चार कमरों के ताले टूटे हुए हैं और घर का सामान बिखरा पड़ा है।
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि चोरों ने घर में रखे पलंग के दराज का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, लगभग पांच हजार रुपये नकद तथा कई कीमती रेशमी साड़ियां चोरी कर लीं। चोरी गए सामान का अनुमानित मूल्य करीब तीन लाख रुपये बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बानूछापर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष (एसएचओ) दीपक कुमार मांझी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घर का निरीक्षण किया, घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि सत्येन्द्र श्रीवास्तव मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज से सेवानिवृत्त टाइम ऑफिसर हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वे बेतिया के देवनगर स्थित अपने आवास पर रह रहे हैं। वे जिले के वरिष्ठ पत्रकारों में भी शामिल हैं।
इस घटना के बाद देवनगर मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Tags
टाॅप न्यूज़


