रजौन ,बांका :- रजौन थाना क्षेत्र की धौनी-बामदेव पंचायत अंतर्गत नवटोलिया गांव में खेत में मवेशी चराने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से सोमवार को रजौन थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार नवटोलिया निवासी सोनू कुमार, मुरारी कुमार, गोपाल राम और नीलम देवी ने आरोप लगाया है कि उनके गांव के बगल के ओड़हारा गांव के राजू कुमार, पीयूष कुमार, दिलखुश कुमार, पंकज यादव सहित करीब 10 से 15 लोग उनकी फसलों को जबरन गाय और भैंसों से चरा रहे थे। जब पीड़ितों ने खेत में जाकर फसल को हो रहे नुकसान का विरोध किया और मवेशियों को वहां से भगाने का प्रयास किया, तो दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे के रॉड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें सोनू कुमार का हाथ टूट गया और गोपाल राम का सिर फट गया, जबकि बीच-बचाव करने आए मुरारी कुमार की पीठ पर लाठी से गंभीर चोटें आई हैं। इसके साथ ही आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान नीलम देवी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई तथा केस करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी सोनू कुमार और गोपाल राम को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया। बांका सदर अस्पताल में भी स्थिति चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) भागलपुर रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ितों ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस सम्बंध में रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मामले को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस पूरी तत्परता के साथ मामले की छानबीन व घटनास्थल की जांच में जुटी है; जांच के उपरांत जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट:- केआर राव