बांका :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की पीबीएस कॉलेज बांका इकाई ने महाविद्यालय की विभिन्न आधारभूत एवं शैक्षणिक समस्याओं के स्थाई समाधान को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इसी सिलसिले में कॉलेज अध्यक्ष वंश मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को छात्र नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा। कुलसचिव को सौंपे गए इस ज्ञापन में परिषद ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए सबसे पहले परिसर की चारदीवारी का शीघ्र निर्माण कराने की पुरजोर मांग की है। इसके साथ ही छात्र नेताओं ने इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया कि वर्तमान में बांका जिले के छात्र-छात्राओं को स्नातक के बाद उच्च शिक्षा के लिए विवश होकर दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर मानसिक और आर्थिक बोझ बढ़ता है, इसलिए स्थानीय स्तर पर ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पीबीएस कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई अविलंब प्रारंभ की जानी चाहिए। विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज परिसर के समुचित शैक्षणिक विकास में आ रही बाधाओं को रेखांकित करते हुए यह मांग भी उठाई कि वर्तमान में कॉलेज कैंपस में संचालित हो रहे केंद्रीय विद्यालय को किसी अन्य उपयुक्त भवन में स्थानांतरित किया जाए ताकि कॉलेज का पूरा भवन और स्पेस महाविद्यालय को मिल सके और छात्रों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें। इस मौके पर छात्र हितों की आवाज बुलंद करने के लिए कॉलेज अध्यक्ष वंश मिश्रा के साथ छात्र नेता मिथुन कुमार, जिला संयोजक राजन सिंह, कॉलेज मंत्री नीतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो छात्र उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्ट:- केआर राव