रजौन, बांका :- रजौन थाना की पुलिस ने बुधवार को फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो कुर्की वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार वारंटियों की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के कटिया-जगदीशपुर निवासी लड्डू कुमार एवं पिपराडीह निवासी सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर लंबे समय से फरार चल रहे ये दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों को धर दबोचा। रजौन पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए फरार वारंटियों की धरपकड़ का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट :- केआर राव