रजौन, बांका, :- धोरैया विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी चरमराई बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं की शिकायत के आलोक में बुधवार को रजौन प्रखंड परिसर सभागार में विधायक मनीष कुमार की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सह समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई शिविर में विभिन्न गांवों से आए उपभोक्ताओं द्वारा कुल 70 आवेदन दर्ज कराए गए, जिनमें से कई गंभीर समस्याओं का त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। बांकी बचे आवेदनों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों की लाचारी और व्यवस्था की पोल भी खुलकर सामने आई। अमरपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने असमर्थता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में तार तो जर्जर हैं, लेकिन उनके पास उतनी सामग्री ही उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण वे सभी जर्जर तारों को तत्काल बदलने में पूरी तरह असमर्थ हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना का जिम्मा संभाल रहे प्रोजेक्ट के कार्यपालक अभियंता ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उनके पास पूरे जिले में एग्रीकल्चर कनेक्शन के लिए अब मात्र 20 ट्रांसफार्मर ही बचे हुए हैं। अधिकारियों द्वारा सामग्री की इस भारी किल्लत की बात सुनकर विधायक मनीष कुमार भड़क गए। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बैठक से ही ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को फोन लगाया। विधायक ने सचिव को क्षेत्र की बदहाल स्थिति और संसाधनों की कमी से अवगत कराया, जिस पर सचिव ने उन्हें आश्वस्त किया कि क्षेत्र में जितने भी ट्रांसफार्मर और आवश्यक सामग्रियों की जरूरत होगी, विभाग द्वारा उसकी पर्याप्त आपूर्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि थोड़ी सी बारिश या हवा चलने पर फॉल्ट व इंसुलेटर ध्वस्त होने का बहाना बनाकर घंटों बिजली ठप करना बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि संवेदक द्वारा घटिया किस्म के इंसुलेटर या खराब तार लगाए गए हैं, तो उसकी सूचना तुरंत उन्हें दें ताकि वे सीधे विभाग से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई करवा सकें। उन्होंने तकनीकी खामियों को जड़ से खत्म करने के लिए जल्द से जल्द जगदीशपुर-रजौन की नई 33 हजार संचरण लाइन को चालू करने का निर्देश दिया। अमरपुर विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रकाश कुमार झा ने बताया कि रजौन से बांका की दूरी 28 किलोमीटर है, जबकि जगदीशपुर की दूरी मात्र 17 किलोमीटर है, इसलिए जगदीशपुर की नई लाइन को जल्द चालू कर क्षेत्रवासियों को ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से मुक्ति दिलाई जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि पूरे जिले में मात्र 20 फीडर हैं, जबकि अकेले रजौन और धोरैया में कम से कम 7 से 8 नए फीडर की आवश्यकता है। शिविर में मुख्य रूप से कार्यपालक अभियंता प्रकाश कुमार झा, प्रोजेक्ट कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार मिंटू, सहायक परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, धोरैया जेई रवि कुमार, सकहारा जेई राजाराम प्रसाद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, जदयू प्रदेश सचिव मनोज सिंह, जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह, रजौन दक्षिणी जिला पार्षद मुकेश कुमार सिंह, धोरैया प्रमुख प्रतिनिधि आलोक कुमार, रजौन प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सुभाष चंद्र राव, कौशल किशोर, संजय राव, मो. मुजफ्फर, मो. मुस्तफा, डॉ. प्रो. संजय कुमार, पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह, राहुल कुमार चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ बंटी साह, ई. मनीष कुमार, गौतम विश्वकर्मा, राधे हरिजन, राधे साह, निर्मल कुमार सिंह, स्कंद कुमार, जयकिशोर कुणाल, बासुकी कुमार सहित भारी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट:- केआर राव