रजौन,बांका :-राष्ट्रीय राजमार्ग 133 ई (NH-133E) के चौड़ीकरण के कारण रजौन बाजार में उत्पन्न बेघर और बेरोजगार होने के खतरे को देखते हुए धोरैया विधायक मनीष कुमार ने बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर रजौन बाजार में बाईपास या ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) के निर्माण कराने की पुरजोर मांग की है। केंद्रीय मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने अवगत कराया कि भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग रजौन बाजार के घने व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि यदि राजमार्ग का चौड़ीकरण वर्तमान बाजार क्षेत्र के बीच से किया जाता है, तो बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व मकानों को तोड़ना पड़ेगा, जिससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों की आजीविका पूरी तरह प्रभावित होगी तथा भविष्य में घनी आबादी के बीच सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। विधायक ने इस संबंध में बीते 19 मार्च को नई दिल्ली स्थित 'परिवहन भवन' में आयोजित समीक्षा बैठक का भी हवाला दिया, जिसमें यह स्वीकार किया गया था कि बाजार क्षेत्र में चौड़ीकरण से बड़े पैमाने पर दुकानें व ढांचे प्रभावित होंगे। जनहित और स्थानीय निवासियों की आजीविका की रक्षा का हवाला देते हुए विधायक मनीष कुमार ने केंद्रीय मंत्री से रजौन बाजार के लिए बाईपास या ओवरब्रिज के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द इसकी फिजिबिलिटी स्टडी (व्यावहारिक अध्ययन), विस्तृत सर्वेक्षण और परियोजना को अंतिम स्वीकृति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। विधायक के इस कदम से रजौन बाजार के उन सैकड़ों परिवारों और व्यवसायियों को बड़ी राहत की उम्मीद जगी है, जो सड़क चौड़ीकरण के कारण उजड़ने की आशंका से लगातार चिंतित थे।
रिपोर्ट :- केआर राव