गोरखपुर। हरि सहाय लॉ कॉलेज में सोमवार को विधि सत्र 2026-27 का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुई। पूजा के उपरांत नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र उपाध्याय ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद महाविद्यालय के आचार्यगण ने दीप प्रज्ज्वलित कर माँ सरस्वती का पूजन किया। छात्र-छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर विद्या, ज्ञान एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र उपाध्याय ने नवप्रवेशी एवं सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करने का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और नैतिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. शिखा वर्मा, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार राव, श्री जावेद अहमद, श्री कृष्णजीत दुबे एवं कु. चंदा यादव सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्साह, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

