स्वतंत्रता दिवस पर रजौन में 50 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा, लाभुकों के खिले चेहरे

​रजौन,बांका: प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन सभागार परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नवादा-खरौनी पंचायत के कुल 50 भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चे का वितरण किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय विधायक मनीष कुमार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित है। इसके साथ ही विधायक ने 50 लाभुकों को 3-3 डिसमिल जमीन का बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने के लिए अंचलाधिकारी विश्वजीत कुमार, सभी अंचल कर्मियों और विशेष रूप से नवादा-खरौनी पंचायत की मुखिया आरती देवी, मुखिया प्रतिनिधि सह शिक्षक दयाशंकर सिंह एवं उनके पुत्र बिनीत कुमार की मुक्तकंठ से सराहना की। गौरतलब है कि इससे पूर्व 'अभियान बसेरा-2' के तहत बीते 26 जुलाई को बिहार सरकार के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन' कार्यक्रम के अवसर पर ओड़हारा पंचायत के 10 भूमिहीन परिवारों को पर्चा सौंपा गया था। उसी दिन सीओ विश्वजीत कुमार ने विधायक मनीष कुमार के समक्ष 15 अगस्त तक 50 और परिवारों को पर्चा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था, जिसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा कर लिया गया। जमीन का पर्चा हाथ में मिलते ही सभी लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस ​कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ विश्वजीत कुमार, रजौन पुलिस अंचल निरीक्षक राजेश कुमार, रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार, अंचल प्रधान सहायक प्रफुल्ल कुमार सिंह, वरीय राजस्व कर्मचारी संजय कुमार मिश्रा, अंजनी कुमार सिंह, रजौन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद सदस्य उमेश कुमार उर्फ पप्पू वर्मा, रजौन दक्षिणी जिला परिषद सदस्य मुकेश कुमार सिंह, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सचिव प्रवीण कुमार सिंह, नवादा-खरौनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह, बिनीत कुमार, पंकज कुमार भारती, संजय राव, जदयू नेता मो. मुज्जफर, विपिन कुशवाहा, अचल उर्फ बब्बू, राधे साह, अखिलेश कुमार, बासुकी कुमार सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी तथा नवादा-खरौनी पंचायत के भारी संख्या में लाभुक मौजूद रहे।

रिपोर्ट:- के आर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post