रजौन में उपमुखिया पर जानलेवा हमला: मुखिया के घर में घुसकर रॉड-खंती से पीटा, सोने की चेन व नकदी छीनी; 50 हजार की रंगदारी मांगने का आरोप

​रजौन,बांका :- रजौन थाना क्षेत्र के मालती गांव में दबंगों द्वारा ओड़हारा पंचायत के उपमुखिया धनंजय यादव (62 वर्ष) पर रॉड और खंती से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित उपमुखिया ने रजौन थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही दो सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार उपमुखिया धनंजय यादव शनिवार की दोपहर करीब 12:40 बजे मालती गांव स्थित पंचायत के मुखिया प्रवीण कुमार सिंह के घर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे और सामने ही मुखिया के पिता देवी प्रसाद सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के चंदन यादव और विनोद यादव लोहे की रॉड और खंती लेकर जबरन घर के भीतर घुस आए और उपमुखिया पर अंधाधुंध हमला कर दिया। हमले में उपमुखिया लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावरों ने उनके गले से करीब आधा भर सोने की चेन, हाथ से घड़ी और जेब में रखे 500 रुपये नकद लूट लिए। वहीं मुखिया के पिता को बीच-बचाव के लिए आगे आते देख दोनों आरोपी मौके से भागने लगे। भागते समय आरोपियों ने उपमुखिया से 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने करीब 6 महीने पहले भी रंगदारी न देने पर उनके घर पर ईंट-पत्थर चलाए थे, जिसे ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर शांत कराया था। इधर पीड़ित उपमुखिया के आवेदन के आधार पर रजौन थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post