बेतिया। जिले के विभिन्न इलाकों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों के लिए सोमवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई महत्वपूर्ण रही। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम लोगों की शिकायतें सीधे सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। जनसुनवाई के दौरान कुल 58 मामलों की सुनवाई हुई। प्रशासन की ओर से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किए जाने का दावा किया गया।
जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क और सड़क मरम्मत समेत कई मुद्दों से संबंधित शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
कई मामलों के तत्काल समाधान का दावा
प्रशासन के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान कई शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया। वहीं, जिन मामलों के निपटारे के लिए जांच या संबंधित विभाग की कार्रवाई जरूरी थी, उनके शीघ्र निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई का आयोजन राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत किया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन की ओर से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनकी गंभीरता से जांच कर समय पर कार्रवाई की जाए। इससे फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।