बेतिया। पश्चिम चम्पारण के हरनाटांड़ में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका और कॉम्फेड के संयुक्त प्रयास से सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सुधा बिक्री केंद्र से स्थानीय महिलाओं को आय का नया स्रोत मिलेगा, वहीं क्षेत्र के लोगों को दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने अधिकारियों और जीविका कर्मियों को केंद्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता और ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त प्रयास से संचालित इस केंद्र के माध्यम से दूध और विभिन्न दुग्ध उत्पादों की बिक्री की जाएगी, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।