बांका:चांदन प्रखंड के गोरियाम्बा गांव में रविवार की देर रात 43 वर्षीय सूरदास युवक लूटन यादव की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार की अहले सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान कुसुमजोरी पंचायत के गोरियंबा निवासी लूटन यादव के रूप में हुई है।
मृतक के भतीजा विकास यादव ने बताया कि लूटन यादव रविवार की रात खाना खाने के बाद घर की कोठरी में सोने चला गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घात लगाकर गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दिया, और शव को घर के दरवाजे के समीप लाकर रख दिया। रात करीब 11 बजे परिवार का एक सदस्य घर से बाहर निकला तो दरवाजे पर लूटन यादव का शव पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और अहले सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चा भी सामने आ रही हैं। कुछ सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे के सही कारण की खोज के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक चार भाइयों में से एक था। चार भाइयों में दो भाई सूरदास हैं, जिनमें लूटन यादव भी शामिल था। दोनों भाइयों की दिव्यांगता के कारण उनका विवाह नहीं हुआ था। मृतक का एक भाई चोवा यादव गांव में ही रहकर खेती-बाड़ी और गृहस्थी का काम करता है, जबकि दूसरा भाई महेंद्र यादव परिवार के साथ बंगलौर में रहता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई रविशंकर कुमार और कटोरिया सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फारेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले में संलिप्त व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
चांदन के सूरदास युवक की गला दबाकर हत्या, घर के दरवाजे पर मिला शव।
byआमोद कुमार दुबे
-
0
