शिवहर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बिहार की शिवहर जिला इकाई का गठन रविवार को होटल फैमिली में आयोजित बैठक में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने की।
बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में कुशीनगर के जिलाध्यक्ष एवं बिहार के सह प्रभारी शैलेश कुमार उपाध्याय,पत्रकार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मोतिहारी राजन दत्त द्विवेदी, जिला महामंत्री बगहा नरेंद्र पांडेय तथा नरेंद्र ओझा, मोतिहारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से शिवहर के पत्रकार संजय गुप्ता को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बिहार का शिवहर जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं गजेंद्र कुमार सिंह को जिला उपाध्यक्ष, सुनील कुमार गिरि को जिला महामंत्री, अकीब रेजा को महामंत्री तथा अजय मित्तल को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवीन कुमार पांडेय समेत अन्य पत्रकारों को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारिता के माध्यम से समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को जिले में सक्रिय एवं मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।