बैरिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र

बेतिया। स्वतंत्रता दिवस-2026 एवं ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायती राज विभाग, बिहार के निर्देशानुसार चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बैरिया प्रखंड की ग्राम पंचायत मियांपुर दुबौलिया में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा पंचायत सरकार भवन, मियांपुर से उच्च विद्यालय, बथना तक निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम्’ के उद्घोष के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं ध्वज संहिता के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। सभी नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना चाहिए और अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। प्रत्येक पंचायत, घर और नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ध्वज संहिता के नियमों का पालन करते हुए अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की।
09 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। इस दौरान निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के आवासों एवं सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैरिया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post