कुख्यात दस्यू सरगना व पूर्व प्रमुख हत्या मामले में पुलिस ने किया उद्भेदन, मुख्य हत्यारा गिरफ्तार

बगहा :
बगहा पुलिस जिला के भितहा थाना क्षेत्र में कुख्यात दस्यू सरगना बासदेव यादव उर्फ़ तिवारी का दूसरा पुत्र सह पूर्व प्रमुख छोटेलाल यादव  हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बगहा एसपी राजेश कुमार ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।
एसपी के अनुसार 12 अगस्त को छोटेलाल यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गंडक नदी के छाड़न क्षेत्र के प्रेमही दियारा स्थित उबरा पानी से बरामद हुआ था। मामले में भितहा थाना कांड संख्या 134/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बगहा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों व संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भितहा थाना क्षेत्र के मुराडीह टांड़ निवासी रविन्द्र यादव (करीब 45 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि छोटेलाल यादव का उसकी पत्नी के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। 11 अगस्त को आरोपी ने छोटेलाल यादव को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उसने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। पत्नी के वहां से चले जाने के बाद आरोपी ने छोटेलाल यादव के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर से करीब 80 मीटर दूर पूर्व दिशा में स्थित पानी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की है।

एसपी ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के साथ आगे की जांच जारी है। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक धनहा अंचल, भितहा थानाध्यक्ष व सशस्त्र बल तथा डीआईयू टीम शामिल रही।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post