खेत की मेड़ पर झूलता ट्रांसफार्मर और बगीचे में नंगे तार, विष्णुपुर में बड़े हादसे का इंतजार कर रहा बिजली विभाग

​रजौन, बांका :- विद्युत विभाग की घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण रजौन प्रखंड की सकहारा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14, विष्णुपुर गांव में कभी भी कोई बड़ी जानलेवा अनहोनी हो सकती है। डाकघर टोले से लेकर पूरे गांव में सप्लाई होने वाली विद्युत तारें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। सबसे गंभीर स्थिति उस ट्रांसफार्मर की है, जिससे पूरे गांव को विद्युत आपूर्ति होती है; यह वर्षों से खेत की एक संकरी और पतली मेड़ पर टिका है, जिसके दोनों जर्जर खंभे एक तरफ झुककर काफी तिरछे हो चुके हैं और किसी भी तेज आंधी-तूफान में गिरकर धराशायी हो सकते हैं। यदि यह ट्रांसफार्मर गिरता है तो न सिर्फ पूरा गांव अंधेरे में डूब जाएगा, बल्कि आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों और राहगीरों की जान पर भी बन आएगी। इसके साथ ही बरसात के मौसम में जलजमाव के बीच फेज उड़ने या खराबी आने पर विद्युत कर्मियों को भी भारी मशक्कत और जोखिम का सामना करना पड़ता है। खतरे की इंतहा यहीं खत्म नहीं होती; इस ट्रांसफार्मर से निकली तीन फेजों वाली नंगी और ढीली तारें स्वर्गीय केदारनाथ राव के निजी खतियानी खलिहान व आम के बगीचे के बीच से इतनी खतरनाक तरीके से खींची गई हैं कि हर पल मौत का साया मंडराता रहता है। दरअसल, करीब दो दशक पूर्व जब गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए ट्रांसफार्मर और नंगे तार लगाए गए थे, उस वक्त इनके अधिकांश वंशज आजीविका के सिलसिले में गांव से बाहर रहते थे। इसी का फायदा उठाते हुए बिजली विभाग ने परिजनों से बिना कोई राय-मशविरा लिए और बिना उनकी सहमति के आनन-फानन में बगीचे के बीच से यह खतरनाक लाइन गुजार दी, जिसका उस समय अनुपस्थिति के कारण विरोध नहीं हो सका और आज पूरा गांव इसका खामियाजा भुगत रहा है। अब स्थिति यह है कि तेज हवा चलने या बंदरों के उछल-कूद करने पर तीनों फेज और अर्थिंग के नंगे तार आपस में सट जाते हैं, जिससे ट्रांसफार्मर का फेज उड़ जाता है या अचानक 440 वोल्ट का हाई-वोल्टेज करंट दौड़ने से ग्रामीणों के टीवी, पंखे, बल्ब सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो जाते हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर कनीय अभियंता राजाराम प्रसाद को कई बार आगाह किया गया, लेकिन उन्होंने कोरे आश्वासन के सिवाय विशेष कोई ध्यान नहीं दिया। हद तो तब हो गई जब बीते 8 जुलाई को प्रखंड मुख्यालय में धोरैया विधायक मनीष कुमार और अमरपुर विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रकाश कुमार झा की मौजूदगी में आयोजित जनसुनवाई शिविर में स्वर्गीय केदारनाथ राव के पौत्र एवं अधिवक्ता सह वरिष्ठ पत्रकार कुमुद रंजन राव ने इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाकर लिखित आवेदन भी सौंपा, परंतु डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी विभाग ने कोई सुध नहीं ली। बिजली विभाग की यह कुंभकर्णी नींद यह सवाल खड़ा कर रही है कि क्या विभाग किसी ग्रामीण या मवेशी की जान जाने का इंतजार कर रहा है? स्वर्गीय केदारनाथ राव के परिजनों सहित अन्य ग्रामीणों ने जर्जर ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने और नंगे-ढीले तारों की जगह कवर्ड केबल लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इधर पूछने पर सकहारा जेई राजाराम प्रसाद ने बताया कि बरसात का मौसम खत्म होने व खेतों से धान की फसल कटने के बाद गांव की सारी समस्याओं का सामाधान कराया जाएगा।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post