बंटी तिवारी की मौत के मामले में पूर्व विधायक ने की निष्पक्ष जांच की मांग



बेतिया। पश्चिम चंपारण के गोपालपुर थाना के घोघा तिवारी टोला गांव में बंटी तिवारी की मौत के मामले में सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने बेतिया सदर डीएसपी से बातचीत कर मामले की जांच जल्द पूरी कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
बंटी तिवारी का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसे हत्या नहीं बताया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी अभी परिजनों अथवा स्थानीय लोगों को प्राप्त नहीं हुई है। वहीं गांव के लोगों और अन्य विश्वसनीय लोगों का मानना है कि बंटी तिवारी की हत्या की गई है और बाद में शव को पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। फिलहाल हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि घटना बेहद गंभीर है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह हत्या है तो इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने कहा, “बंटी तिवारी की घोघा तिवारी टोला गांव में जो मौत हुई है, वह बहुत ही नृशंस तरीके से हुई है। आज बिहार में पूरी तरह अराजकता की स्थिति बनी हुई है। कोई ताकतवर और दबंग आदमी किसी निरीह, गरीब और शरीफ आदमी को कहीं भी कत्ल कर दे या फांसी पर लटका दे, लेकिन पुलिस-प्रशासन सुनने का नाम नहीं ले रहा है।”
पूर्व विधायक ने कहा कि भाकपा-माले मामले की सच्चाई सामने लाने और यदि हत्या की पुष्टि होती है तो हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करती है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस मामले का जल्द खुलासा नहीं करती है तो पार्टी आंदोलन करने को मजबूर होगी।
वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले में उनके साथ हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी आग्रह किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post