टेगरहिया में संस्कृत दिवस पर भव्य संस्कृत समारोह आयोजित




चनपटिया (बेतिया)। संस्कृत दिवस के अवसर पर प्रखण्ड चनपटिया अंतर्गत पंचायत बकुलहर के ग्राम टेगरहिया में संस्कृत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ओम प्रकाश ठाकुर के नेतृत्व एवं संस्कृत भारती के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया गया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक संस्कृत नाटक, संस्कृत गीत, श्लोक उच्चारण, वर्णों के शुद्ध उच्चारण एवं नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया तथा संस्कृत भाषा के प्रति प्रेम, रुचि और जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रभात कुमार ओझा एवं मनोज कुमार का विशेष सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के महत्व, इसकी समृद्ध परंपरा तथा दैनिक जीवन में संस्कृत के प्रयोग को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

समारोह के समापन अवसर पर गुरुवर्यों की ओर से सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने बच्चों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि और प्रेम बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का कार्य किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक  ओम प्रकाश ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक “जयतु संस्कृतम्, जयतु भारतम्” का उद्घोष किया।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post