रजौन, बांका :- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर बिहार महादलित विकास मिशन और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के निर्देशानुसार रजौन प्रखंड में 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का दौर जारी है। बुधवार को प्रखंड मुख्यालय से किफायतपुर तक निकाली गई भव्य सामाजिक समरसता कलश यात्रा के बाद गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर से प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रथ को रवाना किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अंतिमा कुमारी ने विधिवत फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर रथ को क्षेत्र भ्रमण के लिए रवाना किया। पहले दिन यह जागरूकता रथ प्रखंड मुख्यालय से निकलकर भूसिया गांव के रास्ते कठचातर, लीलातरी और पुनसिया बस्ती होते हुए रजौन, चकसपिया एवं खैरा आदि गांवों में पहुंचा। इस दौरान रथ के साथ चल रहे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विकास मित्रों ने अनुसूचित जाति बाहुल्य टोलों में घर-घर जाकर ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा आगामी 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाले विशेष 'रविदास विकास शिविरों' में उपस्थित होकर योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह एनडीए नेता राघवेंद्र सिंह, भाजपा नेता श्रीकांत रजक, रजौन उत्तरी मंडल भाजपा अध्यक्ष ई. मनीष कुमार, राजकिशोर तांती एवं गौतम विश्वकर्मा उपस्थित थे। वहीं अभियान को सफल बनाने में विकास मित्र घनश्याम कुमार, राजेश कुमार, अशोक दास, सुरेश दास, परमानंद प्रभाकर, रुद्रनारायण कुमार, मनोज कुमार, पंकज कुमार दास, अभिषेक कुमार, सुभद्रा कुमारी, रीता देवी, मंजुला देवी, बेबी कुमारी, किरण कुमारी, सुलोचना कुमारी, कलावती देवी सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट:- केआर राव