रजौन,बांका :- तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध दीपनारायण सिंह महाविद्यालय भूसिया, रजौन में 17 सूत्री मांगों को लेकर चल रहा गतिरोध गुरुवार को 8वें दिन समाप्त हो गया। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल और नियमानुसार समाधान का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद अनशनकारी कन्हैया लाल सिंह ने अपना धरना समाप्त कर दिया। मौके पर उपस्थित अंचलाधिकारी विश्वजीत कुमार एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से कन्हैया लाल सिंह को जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया। गौरतलब है कि आंदोलन के 7वें दिन बुधवार को अनशनकारी कन्हैया लाल सिंह की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए रजौन बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ विश्वजीत कुमार और थानाध्यक्ष महेश कुमार ने कॉलेज पहुंचकर अनशन समाप्त कराने का भरपूर प्रयास किया था, लेकिन अनशनकारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद बुधवार की देर शाम कहलगांव विधायक ई. शुभानंद मुकेश ने कॉलेज पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की और नाजुक स्थिति को देखते हुए कन्हैया लाल सिंह को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई थी, हालांकि 17 सूत्री मांगों को लेकर वे धरने पर डटे हुए थे। गुरुवार को धरना समाप्ति के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और प्रशासन के सहयोग से यह गतिरोध खत्म हुआ है। उन्होंने कहा, "कन्हैया लाल सिंह द्वारा रखी गई मांगों पर विचार किया जाएगा। जहां तक शासी निकाय की बैठक की बात है, तो वर्तमान में नवगठित शासी निकाय में विश्वविद्यालय स्तर से सचिव का मनोनयन अभी प्रक्रियाधीन है। जैसे ही विश्वविद्यालय से सचिव का मनोनयन पत्र प्राप्त हो जाएगा, विधिवत रूप से शासी निकाय की बैठक आयोजित कर सभी उचित बिंदुओं और समस्याओं का नियमानुकूल समाधान निकाला जाएगा।" इस अवसर पर रजौन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, पवन वर्मा, पूर्व मुखिया शंभूनाथ वर्मा, अजय वर्मा, मनमोहन वर्मा, नंदकिशोर यादव, प्रशांत कुमार, गौतम कुमार, मनीष कुमार, गोपाल हरिजन, संतोष पासवान, रामप्रकाश यादव, रविंद्र कुमार यादव, जयराम सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण और समर्थक मौजूद थे।
रिपोर्ट:- केआर राव