रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड अंतर्गत धौनी-बामदेव पंचायत में फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर बहाल एक पंचायत शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। डीपीओ स्थापना संजय कुमार यादव के अनुसार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे शैक्षणिक प्रमाण पत्र सत्यापन अभियान के दौरान नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मड़नी में पदस्थापित पंचायत शिक्षक दिलीप कुमार झा का इंटरमीडिएट का अंक पत्र फर्जी पाया गया। निगरानी जांच में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) कार्यालय द्वारा नियोजन इकाई को शिक्षक के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया गया था। विभागीय आदेश के आलोक में ग्राम पंचायत नियोजन इकाई धौनी-बामदेव के पंचायत सचिव सूर्यदेव कुमार द्वारा शिक्षक से दो बार स्पष्टीकरण की मांग की गई, लेकिन शिक्षक द्वारा समर्पित स्पष्टीकरण का जवाब असंतोषजनक रहा। इससे इंटर का अंक प्रमाण पत्र गलत होने की पुष्टि हो गई। डीपीओ स्थापना संजय कुमार यादव ने बताया कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर नियोजन इकाई ने विधिवत आदेश जारी करते हुए शिक्षक दिलीप कुमार झा को तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त कर दिया है। साथ ही इस कार्रवाई की प्रतिलिपि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को सूचनार्थ भेज दी गई है। फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट:-केआर राव