News

रेवहिया में नदी का कटाव तेज, प्राथमिक विद्यालय का आधा हिस्सा नदी में समाया

बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड की चिउरही पंचायत के रेवहिया में नदी का कटाव लगातार तेज हो रहा है। कटाव की चपेट में आने से राजकीय प्राथमिक विद्यालय का करीब आधा हिस्सा नदी में समा गया है। विद्यालय भवन के बचे हिस्से पर भी कटाव का खतरा बना हुआ है। भवन को बचाने के लिए कमरों के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाली जा रही हैं।

कटाव रोकने के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से मौके पर जियो बैग और अन्य कटावरोधी सामग्री पहुंचाई गई है। विभाग ने कटावरोधी कार्य शुरू किया है। हालांकि नदी की तेज धारा के कारण जियो बैग बह जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि रेवहिया में पिछले साल से ही नदी का कटाव जारी है। उनका आरोप है कि अब तक जियो बैग डालकर ही काम किया जाता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते मजबूत कटावरोधी कार्य कराया जाता तो विद्यालय और गांव को बचाया जा सकता था।

विद्यालय के नदी में समाने की सूचना पर मधुबनी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुंदन कुमार, विधानसभा प्रत्याशी अर्थराज यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि जितेंद्र गुप्ता समेत कई लोग कटाव स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अर्थराज यादव ने विभाग के जेई से कहा कि केवल जियो बैग डालकर काम पूरा न किया जाए, बल्कि कटाव रोकने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि रेवहिया में अब कुछ ही घर बचे हैं और उन्हें नदी में समाने से बचाना जरूरी है।

बीडीओ कुंदन कुमार ने बताया कि कटाव की गंभीर स्थिति से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। वहीं, नदी की तेज धारा को देखते हुए ग्रामीण अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।

इससे पहले राजकीय प्राथमिक विद्यालय चिउरही उर्दही उर्दू की पश्चिम दिशा की चारदीवारी भी नदी में समा चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के बाद पैक्स गोदाम और नल-जल योजना की पानी टंकी पर भी कटाव का खतरा है।

चिउरही पंचायत के मुखिया विजय यादव ने बताया कि कटाव को लेकर ग्रामीणों में सांसद, विधायक और प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने बचे घरों और लोगों को सुरक्षित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post