रजौन, बांका: विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे सघन छापेमारी अभियान के बावजूद कुछ उपभोक्ता अवैध तरीके से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा सकहारा की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए 11 लोगों को रंगेहाथ पकड़ा है और उनके खिलाफ रजौन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनीय विद्युत अभियंता राजाराम प्रसाद के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने बीते सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर रजौन थाना क्षेत्र के छोटी मुरादपुर गांव में छापेमारी की। इस दल में तकनीकी कर्मी गुंजन कुमार, रवि कुमार और मानवबल चंदन कुमार शामिल थे। छापेमारी के दौरान पाया गया कि कई उपभोक्ता परिसर में मीटर होने के बावजूद उसे बाईपास कर रहे थे, तो कई बिना किसी वैध कनेक्शन के सीधे मेन एलटी लाइन में टोका फंसाकर अवैध रूप से बिजली जला रहे थे। इस दौरान अधिकारियों ने मौके से बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे सर्विस तारों को काटकर जब्त कर लिया। जांच के क्रम में मुनेश्वर कुमार के परिसर में स्मार्ट मीटर होने के बावजूद मीटर बाईपास कर 156 वाट भार की चोरी पकड़ी गई, जिससे विभाग को 6,364 रुपये की राजस्व क्षति हुई तथा पूर्व बकाए को मिलाकर कुल 8,456 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अनिता देवी भी मीटर बाईपास कर चोरी करते पाई गईं, जिन पर 3,662 रुपये की राजस्व क्षति और 37,306 रुपये पुराने बकाए सहित कुल 40,968 रुपये का जुर्माना तय किया गया। इसके अलावा बिना किसी वैध कनेक्शन के सीधे एलटी लाइन में टोका फंसाकर बिजली चोरी करने के मामले में अजय दास पर 11,005 रुपये, दिनेश दास पर 38,482 रुपये, रोहित दास पर 8,701 रुपये और प्रियेश दास पर 9,966 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन करते हुए कार्रवाई की गई। इसी तरह चंपा देवी पर 16,893 रुपये, मांगन दास पर 8,926 रुपये, हीरा देवी पर 17,932 रुपये तथा कविता देवी पर 15,854 रुपये की राजस्व क्षति का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है। वहीं ब्रह्मदेव दास के परिसर का कनेक्शन 32,477 रुपये के बकाए के चलते पूर्व में ही काटा जा चुका था, लेकिन बिना बकाया चुकाए और बिना रिकनेक्शन कराए वे भी टोका फंसाकर बिजली जलाते पकड़े गए, जिन पर 13,236 रुपये की राजस्व क्षति और पुराने बकाए सहित कुल 45,713 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कनीय विद्युत अभियंता ने बताया कि सभी 11 आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत रजौन थाने में मामला दर्ज करने की अनुशंसा की गई है। इधर, विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध बिजली उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट:- केआर राव