रजौन, बांका :- भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर रजौन थाना क्षेत्र के रैयपुरा के समीप मद्यनिषेध विभाग की टीम ने रविवार की देर रात्रि बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। मौके से एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। इस आशय की जानकारी देते हुए बांका उत्पाद अधीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त छापेमारी की गई। मद्यनिषेध निरीक्षक पीयूष कुमार के पर्यवेक्षण तथा चलिष्णु दल के मद्यनिषेध निरीक्षक धर्मवीर कुमार के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक रंजन कुमार, मनोज कुमार और सुनील कुमार की टीम ने बौंसी की ओर से आ रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को रोका। ट्रक की सघन तलाशी लेने पर डाला में लदी गिट्टी के नीचे छुपाकर रखे विभिन्न ब्रांडों के 191 कार्टन मिले, जिनमें कुल 1708.920 लीटर अवैध विदेशी शराब लदी हुई थी। इस कार्रवाई के दौरान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा निवासी शरीक यादव के पुत्र कुमार गौरव नामक ट्रक चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग ने ट्रक और शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट :- केआर राव