रजौन/बांका :-रजौन प्रखंड अंतर्गत उन्नति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड (सीएलएफ) की वार्षिक आम सभा सोमवार को नवादा बाजार स्थित मधुर मिलन विवाह भवन में धूमधाम से संपन्न हुई। इस अवसर पर विवाह भवन परिसर को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) मुकेश कुमार, एसी प्रतीक्षा कुमारी, राहुल कुमार, सीएलएफ अध्यक्ष संजू देवी, सचिव कुमारी रीना भारती एवं कोषाध्यक्ष रिंकू देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत जीविका कैडरों ने सुमधुर स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। आम सभा को संबोधित करते हुए बीपीएम मुकेश कुमार ने जीविका के कार्यों, उद्देश्यों, अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सीएलएफ की सचिव कुमारी रीना भारती ने संगठन का वित्तीय लेखा-जोखा और वार्षिक आय-व्यय की विस्तृत विवरणी प्रस्तुत की। बैठक में प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार उन्नति सीएलएफ के तहत अब तक कुल 61 ग्राम संगठनों एवं 1,154 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है, जिनसे कुल 12,471 जीविका दीदियां जुड़ी हुई हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए 240 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 2,880 लक्षित परिवारों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही संगठन के सभी 1,154 स्वयं सहायता समूहों और 61 ग्राम संगठनों को आधारभूत प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया जा चुका है। वित्तीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि सीएलएफ को आरंभिक पूंजीकरण निधि (आईसीएफ) के रूप में 7 करोड़ 30 लाख 95 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं, जबकि कस्टम हायरिंग सेंटर व कृषि यंत्र बैंक (ट्रैक्टर आदि) के तहत 13.5 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। इसके अलावा इस वित्तीय वर्ष में 31 मार्च तक सामुदायिक कार्यकर्ताओं (कैडरों) को मानदेय के रूप में 60 लाख 40 हजार 900 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। सभा के दौरान जीविका बीपीएम मुकेश कुमार और जीविका के:- केआर सभी कर्मियों सहित आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र व फूल का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बेहतर व उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई जीविका दीदियों एवं कैडरों को भी मोमेंटो, पौधा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उन्नति जीविका सीएलएफ की अध्यक्ष संजू देवी, सचिव कुमारी रीना भारती, कोषाध्यक्ष रिंकू देवी, एसी राहुल कुमार, प्रतीक्षा कुमारी, सीसी अभिषेक कुमार, रामदेव कुमार, अनिल कुमार, बीके प्रीति कुमारी, मंजूषा कुमारी, एमबीके कंचन कुमारी, एसजेवाई एमआरपी रामबिहारी रंजन, निर्मल कुमार, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका कैडर और समूह से जुड़ी दीदियां उपस्थित थीं।
रिपोर्ट :- के आर राव