रजौन,बांका:- प्रखंड के पुनसिया बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बुधवार (23 सितंबर) को भारतीय किसान संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विद्याधर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री दयानंद सिंह ने किया। इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री हेमराज, दक्षिण बिहार प्रांत के महामंत्री अमरेश कुमार और केंद्रीय सदस्य परमानंद चांदवाला उपस्थित रहे। बैठक के दौरान किसानों की मूलभूत समस्याओं से संबंधित 19 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि पैमाइश, भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा सुधार, सर्वेक्षण, चकबंदी, लगान रसीद संशोधन, राजस्व अभिलेखों की सहज उपलब्धता, कैथी लिपि का अनुवाद तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि में बढ़ोतरी जैसे अहम मुद्दे शामिल रहे। इन मांगों के समर्थन में संघ ने पांच चरणों में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की है, जिसके तहत पहले चरण में ग्राम समितियों द्वारा मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को पत्र भेजा जाएगा, दूसरे चरण में प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन होगा, तीसरे चरण में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विधानसभा में आवाज उठाई जाएगी, चौथे चरण में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा और पांचवें चरण में पटना सचिवालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन होगा। इसके साथ ही बैठक में 17 से 30 सितंबर तक प्रत्येक गांव की समिति द्वारा मनाए जा रहे भगवान बलराम जयंती कार्यक्रम और 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन में बांका जिले से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर रजौन प्रखंड अध्यक्ष हरि यादव, मंत्री राजीव कुमार, धोरैया प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, मंत्री चंद्रहास दास, फुल्लीडुमर प्रखंड मंत्री रामरंजन सिंह, प्रांत प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह, बाराहाट प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, मंत्री ओमप्रकाश सिंह, डॉ. प्रो. अमरेंद्र कुमार सिंह, निरंजन सिंह तथा वयोवृद्ध कार्यकारिणी सदस्य शुकदेव प्रसाद राव सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।
रिपोर्ट:-केआर राव