रजौन,बांका :-बैंक कर्मचारी संघों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 28 से 30 सितंबर 2026 तक देशव्यापी तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन का व्यापक असर रजौन प्रखंड और आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा। 28 से 30 सितंबर तक रजौन स्थित इंडियन बैंक, यूनियन बैंक, यूको बैंक, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक तथा पुनसिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित सभी बैंकों की शाखाओं में सामान्य कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। हड़ताल से ठीक पहले शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के चलते बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रहेंगे। ऐसे में बैंक प्रबंधन ने आम उपभोक्ताओं व ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने सभी जरूरी वित्तीय लेन-देन 26 सितंबर से पहले ही निपटा लें। हालांकि हड़ताल अवधि के दौरान आमजनों की सहूलियत के लिए एटीएम, सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र), यूपीआई, योनो तथा अन्य सभी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रहेंगी। इधर बैंक हड़ताल और उपरामा गांव के किसानों को हाल ही में भेजे गए केसीसी रिकवरी नोटिस के मुद्दे पर एसबीआई पुनसिया के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन से विशेष बातचीत हुई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि ऑल इंडिया बैंक स्ट्राइक के चलते शाखाएं तो बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को नकदी या जरूरी कार्यों में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए एटीएम सेवा चालू रहेगी और शाखा के बाहर सीएसपी केंद्रों के माध्यम से भी लेन-देन की वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं उपरामा गांव के किसानों को 'नो ड्यूज' मिलने के बावजूद अनुमंडल कृषि पदाधिकारी कार्यालय से जारी हुए सर्टिफिकेट केस नोटिस के संदर्भ में प्रबंधक राहुल रंजन ने पूरी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि यह समस्या किसी एक शाखा की नहीं, बल्कि जिले भर के बैंकों से सम्बंधित मामलों की प्रशासनिक समीक्षा के बाद सामने आई है। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि जिन किसानों ने पूर्व में एकमुश्त समाधान योजना (OTS) के तहत अपना संपूर्ण ऋण चुकता कर दिया है और उनके पास बैंक का वैध 'नो ड्यूज' प्रमाण पत्र है, उन्हें तनिक भी घबराने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित किसान अपने पुराने नो ड्यूज प्रमाण पत्र और नोटिस के साथ सीधे बैंक शाखा में आकर प्रबंधक से संपर्क करें। बैंक द्वारा रिकॉर्ड का सत्यापन कर तत्काल नया (फ्रेश) नो ड्यूज तैयार किया जाएगा और बैंक स्वयं सर्टिफिकेट पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर किसानों का वाद विधिवत रूप से निरस्त करवा देगा। शाखा प्रबंधक ने बताया कि अब तक 40 से 50 किसानों का केस इसी प्रक्रिया से निरस्त करवाया जा चुका है, इसलिए किसान किसी भी बिचौलिए के बहकावे में न आएं और सीधे बैंक आकर अपना समाधान कराएं।
28 से 30 सितंबर तक बैंकों में रहेगी तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल; शाखा प्रबंधक ने दी जरूरी लेन-देन पहले निपटाने की सलाह, 'नो ड्यूज' नोटिस मामले पर भी किया समाधान स्पष्ट
byकुमुद रंजन राव
-
0