मझगांय-डरपा में 'सहयोग शिविर' संपन्न: पहुंचे बांका डीएम अंशुल अग्रवाल, जीविका को सौंपा ₹19.30 करोड़ का चेक; अन्नप्राशन व गोदभराई की निभाई रस्म

​रजौन,बांका: बांका जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी जन-कल्याणकारी पहल 'सहयोग शिविर' (प्रशासन आपके द्वार) के अंतिम चरण के तहत मंगलवार (15 सितंबर) को रजौन प्रखंड की चार पंचायतों- मझगांय-डरपा, संझा-श्यामपुर, धायहरना-महगामा और मोरामा-बनगांव में विशेष जन-सुनवाई व समस्या निवारण शिविरों का व्यापक आयोजन किया गया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत मझगांय-डरपा के कोल्हड्डा स्थित सामुदायिक भवन में मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार की अगुवाई में भव्य शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्य अतिथि बांका जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल का भव्य स्वागत बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि, बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ विश्वजीत कुमार सहित अन्य मंचासीन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पूर्व राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रगान का आयोजन हुआ, जबकि पूरे मंच का सफल संचालन एनपीएस चकझोरा के शिक्षक सह प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं राज्य सरकार के निर्देश पर आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'सहयोग शिविर' और 'सहयोग पोर्टल' की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद, बिजली, राशन कार्ड (पीडीएस), नल-जल (पीएचईडी) जैसी जन-समस्याओं के समाधान हेतु पोर्टल पर त्वरित प्रविष्टि सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों व कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी; यदि किसी कर्मी या अधिकारी द्वारा 10 दिनों तक शिथिलता बरती जाती है तो पोर्टल से स्वतः नोटिस निर्गत हो जाता है और 30 दिनों तक अनिष्पादित रहने पर संबंधित कर्मी स्वतः निलंबित हो जाएंगे। डीएम ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए बताया कि 'सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान' के तहत पंचायत के 3 जर्जर विद्यालयों और 8 आंगनबाड़ी केंद्रों को चिन्हित कर जीर्णोद्धार किया जाएगा। अपने उद्बोधन में डीएम ने पूरी तरह जर्जर हो चुके भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग के मरम्मतीकरण कार्य अक्टूबर माह से शुरू होने की जानकारी दी और बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्रमंडल भागलपुर के साथ समन्वय स्थापित कर अगले माह से मरम्मत कार्य हर हाल में प्रारंभ करा दिया जाएगा। संबोधन के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को मंच से सीधे लाभान्वित किया गया। इस क्रम में 4 लाभुकों को जन्म प्रमाण पत्र, 2 लाभुकों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास की चाभी, 2 लाभुकों को श्रम कार्ड, 2 लाभुकों को जी-राम-जी योजना से संबंधित लाभ तथा 3 लाभुकों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं कार्यक्रम के अंत में वित्तीय समावेशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1388 स्वयं सहायता समूहों के लिए विभिन्न बैंकों एवं जीविका परियोजना के माध्यम से 19 करोड़ 30 लाख रुपये का डमी चेक जीविका दीदियों को सौंपा गया। मंचीय कार्यक्रम के समापन और स्टॉलों के निरीक्षण से पूर्व गरिमामय माहौल में 'बिहार गीत' की सामूहिक प्रस्तुति की गई। इसके बाद डीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने बाल विकास परियोजना (आंगनबाड़ी) के स्टॉल पर अपने हाथों से एक नवजात बच्चे का अन्नप्राशन कराया तथा एक गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म पूरी कर उपहार भेंट किए। इस दौरान प्रखंड में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए डीएम ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) चंचला कुमारी को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने वर्तमान में निजी मकानों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को हर हाल में सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां सरकारी भूमि की अनुपलब्धता के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण लंबित है, वहां संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जाए। उधर शिविर स्थल के निकट पंचायत सरकार भवन निर्माणाधीन स्थिति में पाए जाने पर डीएम ने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अनुपम अनुराग को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निर्माण विभागीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी 8 से 10 महीनों में यह बनकर तैयार हो सके। शिविर के सफल समापन पर मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने कहा कि मंझगाय-डरपा पंचायत के संपूर्ण विकास के संकल्प के साथ इस सहयोग शिविर का सफल आयोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल का हमारी पंचायत में आगमन हम सभी पंचायतवासियों के लिए अत्यंत गौरव का क्षण रहा। इसके साथ ही उन्होंने अपने समस्त पंचायतवासियों, त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधियों, उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विधि व्यवस्था के संधारण को लेकर रजौन थाना के एसआई शुभम कुमार सहित अन्य पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद व तत्पर नजर आए। शिविर में कृषि पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, सांख्यिकी पदाधिकारी तारकेश्वर रजक, एमओ राजबाला सिंह, मनरेगा पीओ धर्मेंद्र कुमार, बीडब्ल्यूओ गौतम कुमार साह, एलईओ कृष्ण भूषण, रजौन सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. अर्चना प्रसाद, स्वास्थ्य प्रबंधक अल्पना, बीसीएम विष्णुदेव कापरी, सीएचओ दिव्या भारती, पूजा, रेणु, एएनएम सुलोचना, रेखा, पीएचईडी जेई पवन कुमार, विद्युत जेई भरत कुमार, पंचायत सचिव शिवानी कुमारी, शिक्षा विभाग से बीआरसी लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम, प्रखंड नाजिर चेतन आनंद, पूर्व मुखिया भवेश कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह व दयाशंकर सिंह, पैक्स अध्यक्ष सूरज कुमार, पूर्व पैक्स अध्यक्ष ई. महेश राव, मनोज राव, सुभाष चंद्र राव सहित तमाम विभागों के कर्मी उपस्थित रहे। शिविर संपन्न होने के उपरांत डीएम अंशुल अग्रवाल ने बांका लौटते समय प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और वार्डन अंजना कुमारी सहित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post