यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रजौन शाखा में मेगा कस्टमर आउटरीच कैंपेन का भव्य आयोजन,20 जीविका समूहों को मिला ₹1.50 करोड़ का ऋण, अन्य ग्राहकों को भी बंटे स्वीकृति पत्र

​रजौन/₹,बांका :- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रजौन शाखा द्वारा गुरुवार को मेगा कस्टमर आउटरीच कैंपेन का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सेवाओं को ग्राहकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, ग्रामीण महिलाओं व क्षेत्रवासियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना तथा उनकी आर्थिक व आजीविका संबंधी गतिविधियों को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ बैंक परिसर में विधि-विधान के साथ भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके उपरांत उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्राहकों के बीच श्रद्धापूर्वक प्रसाद आदि का वितरण किया गया। पूजा के पश्चात आयोजित शिविर में भागलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख राकेश कुमार सिंह एवं इकोसिस्टम बैंकिंग हेड अखिलेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जीविका से जुड़े 20 स्वयं सहायता समूहों के बीच स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कुल 1.50 करोड़ रुपये की ऋण राशि का प्रतीकात्मक (डमी) चेक क्षेत्रीय प्रमुख राकेश कुमार सिंह, इकोसिस्टम बैंकिंग हेड अखिलेश कुमार एवं रजौन शाखा प्रबंधक नितेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) मुकेश कुमार को प्रदान किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों एवं आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बैंक द्वारा खुदरा (रिटेल), व्यवसाय एवं कृषि सहित विभिन्न ऋण क्षेत्रों के अन्य ग्राहकों को भी ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्राहकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए बैंक और ग्राहकों के बीच मजबूत व दीर्घकालिक संबंधों के महत्व पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय प्रमुख राकेश कुमार सिंह एवं अन्य बैंक अधिकारियों ने उपस्थित जीविका दीदियों व ग्राहकों को बैंक की विभिन्न लाभकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य बैंकिंग उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी और ऋण राशि का सदुपयोग कर अपनी आजीविका को नई दिशा देने व आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर को सफल बनाने में रजौन शाखा के शाखा प्रबंधक नितेश कुमार, उप शाखा प्रबंधक मेधा राजहंस, ग्रामीण विकास अधिकारी (आरडीओ) मनीष वत्स, ग्राहक सेवा सहयोगी (सीएसओ) सुमित कुमार राव एवं कैशियर रंजन कुमार के साथ-साथ जीविका परियोजना की ओर से बीपीएम मुकेश कुमार सिंह, सामुदायिक समन्वयक (सीसी) अनिल कुमार और बैंक मित्र बिनीता कुमारी ने सक्रिय व महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, बैंक के ग्राहक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने बैंक की इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की और वित्तीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, रजौन शाखा ने क्षेत्र के ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधा, त्वरित सेवा एवं उनकी वित्तीय आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव ऋण सहायता उपलब्ध कराने के प्रति अपना संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post