बेतिया, 1 सितंबर। पश्चिम चंपारण जिले में घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में जिले में 14.2 किलोग्राम के 28,812 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 6,024 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को जिलेभर में कुल 10,033 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी कराई गई। जिला प्रशासन का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को बिना किसी अनावश्यक विलंब के उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस बुकिंग, डिलीवरी अथवा आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की देरी, अनियमितता या अन्य शिकायत होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।