बेतिया, 1 सितंबर। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में मंगलवार को पश्चिम चम्पारण जिले के सभी प्रखंडों की 45 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने चनपटिया प्रखंड की भैंसही पोखरिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवेदनों की जानकारी ली तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सभी लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने तथा पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवास योजना से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाए बिना पंचायत स्तर पर ही योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
इधर, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने मझौलिया प्रखंड की महनागनी एवं रतनमाला पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। जिले के अन्य प्रखंडों में भी जिलास्तरीय एवं नोडल पदाधिकारियों ने शिविरों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं और आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की।