बेतिया।मेडिएशन 3.0 की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धीरेंद्र कुमार पांडे ने विधिक संघ के अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में सचिव ने अधिवक्ताओं से अपने पक्षकारों को मध्यस्थता के माध्यम से वादों का सुलह कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में भी सुलहनीय वादों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जा सकता है। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पक्षकारों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अपने वादों का निपटारा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक वादों का निष्पादन करना है।
सचिव ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में 90 दिन से पुराने ट्रैफिक चालान के मामलों में 50 प्रतिशत छूट का लाभ देकर उनका भी निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपने स्तर से पक्षकारों के बीच इस संबंध में जागरूकता फैलाने की अपील की, ताकि आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटारा किया जा सके।