डुमरी पंचायत में SLWM योजना के कार्यों का एक्सपोजर विजिट आयोजित


बेतिया, 3 सितंबर। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश एवं उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत संचालित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर योगापट्टी प्रखंड की डुमरी पंचायत में एक्सपोजर विजिट सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड समन्वयक एवं चिन्हित पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने डुमरी पंचायत पहुंचकर SLWM योजना के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को घर-घर कचरा संग्रहण, अपशिष्ट पृथक्करण, प्रसंस्करण तथा जैविक खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
डुमरी पंचायत में घर-घर कचरा संग्रहण से प्राप्त जैविक अपशिष्ट का उचित प्रबंधन कर जैविक खाद तैयार की जा रही है। पंचायत द्वारा इस व्यवस्था का सुचारू संचालन करते हुए अब तक करीब 1,700 क्विंटल जैविक खाद की बिक्री की जा चुकी है। पंचायत क्षेत्र में स्थापित विभिन्न खाद बिक्री केंद्रों के माध्यम से भी तैयार जैविक खाद का विक्रय किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को SLWM योजना के सफल क्रियान्वयन, अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक खाद के उत्पादन एवं विपणन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी।
एक्सपोजर विजिट सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला समन्वयक एवं जिला सलाहकार, CB&IEC ने भी प्रखंड समन्वयकों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत स्तर पर SLWM गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा डुमरी पंचायत के सफल मॉडल को अन्य पंचायतों में लागू करने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।
इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य डुमरी पंचायत में SLWM योजना के तहत अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणाली से जिले के अन्य प्रखंडों एवं पंचायतों के कर्मियों को परिचित कराना तथा सफल मॉडल को अन्य पंचायतों में प्रभावी रूप से लागू करना है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post