कोतवाली चौक पर अवैध अतिक्रमण से आवागमन बेहाल

​रजौन, बांका : जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य मार्ग पर अवस्थित रजौन प्रखंड के कोतवाली चौक पर दिनों-दिन बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न जाम की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों व शिक्षकों का आक्रोश सामने आया है। इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर करीब पांच दर्जन से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त एक लिखित आवेदन रजौन के अंचलाधिकारी विश्वजीत कुमार को सौंपा गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए हरचंडी-अमहारा पंचायत के वार्ड नंबर 11 कोतवाली के ग्रामीण सह वार्ड सदस्य अरविंद सिंह, शालीग्राम सिंह, चंद्रर ठाकुर, छोटू राम, चक्रधर सिंह, अर्जुन सिंह, अविनाश उर्फ चिक्कू, बोची सिंह, विभास, परशुराम तथा मध्य विद्यालय कोतवाली के प्रधानाध्यापक संतोष सिंह, शिक्षक शंभू मंडल, रविशंकर सिंह आदि ने बताया कि कोतवाली चौक क्षेत्र का एक प्रमुख व व्यस्ततम चौराहा है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों आम राहगीर तथा भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ​ग्रामीणों व शिक्षकों ने गंभीर चिंता जताते हुए बताया कि मध्य विद्यालय कोतवाली में कुल 311 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इसके अलावा इसी विद्यालय परिसर में वार्ड नंबर 10 और 11 के दो आंगनबाड़ी केंद्र (केंद्र संख्या 92 एवं 93) भी संचालित होते हैं, जिनमें 40-40 छोटे-छोटे मासूम बच्चे नामांकित हैं। इस तरह प्रतिदिन लगभग 391 से अधिक स्कूली बच्चों व नन्हे नौनिहालों का इसी मार्ग से आना-जाना होता है। सड़क पर फैले अतिक्रमण और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन के कारण इन मासूम बच्चों की जान पर हमेशा गंभीर खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों ने आगे बताया कि इतने अधिक आवागमन के बावजूद कुछ लोगों द्वारा मुख्य पक्की सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से छोटी-छोटी गुमटियां, दुकानें और झोपड़ियां खड़ी कर दी गई हैं। साथ ही मवेशियों को बांधकर खूंटा-किला गाड़ दिया गया है, जिससे वहां हमेशा गंदगी और कीचड़ फैला रहता है। अतिक्रमण के चलते सड़क इतनी संकीर्ण हो चुकी है कि पैदल चलने वाले राहगीरों, छात्र-छात्राओं और नन्हे बच्चों के लिए पैर रखने तक की जगह नहीं बचती। सड़क पर हर समय भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है और पूर्व में कई अप्रिय दुर्घटनाएं भी घट चुकी हैं। सीओ को सौंपे गए पांच दर्जन से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर वाले आवेदन में मांग की गई है कि मध्य विद्यालय कोतवाली के सामने पानी टंकी से लेकर दुर्गा मंदिर होते हुए पॉलिटेक्निक कॉलेज गेट तक तथा कोतवाली-हटिया मार्ग के दोनों किनारों से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाए। इसके अलावा सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए कोतवाली चौमुख चौक पर गोलंबर का निर्माण कराने तथा प्रशासनिक बैरिकेडिंग लगाने की मांग की गई है, ताकि राहगीरों, स्कूली विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी के मासूम बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

रिपोर्ट : केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post